सहरसा: शहर के सदर थाना क्षेत्र में झपटमारी की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। दोनों वारदातें भीड़-भाड़ वाले पारिवारिक समारोहों के दौरान हुईं, जहां बाइक सवार अपराधियों ने महिलाओं को निशाना बनाकर उनके सोने के गहने झपट लिए और मौके से फरार हो गए।

पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के सराही मोहल्ले में हुई। मिली जानकारी के अनुसार राजन देवी, पति पवन कुमार झा, अपने एक संबंधी के यहां उपनयन समारोह में शामिल होने आई थीं। समारोह के दौरान घर के बाहर हलचल के बीच अचानक बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे और उनके गले से करीब चार लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट कर भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं दूसरी घटना कहरा इलाके में सामने आई, जहां शादी समारोह में शामिल होने आई संजू देवी, पति श्रवण सह, के कान की सोने की बाली बाइक सवार झपटमार छीनकर फरार हो गए। इस घटना के बाद भी स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। दोनों मामलों में अपराधियों ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से शहरवासी सहमे हुए हैं। “अपना बिहार झारखंड” आप सभी से अपील करता है कि शादी, उपनयन या अन्य भीड़-भाड़ वाले कार्यक्रमों में सतर्क रहें और कीमती आभूषण पहनने से परहेज करें या उन्हें सुरक्षित तरीके से संभाल कर रखें। पुलिस प्रशासन से भी गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *