टाउन थाना क्षेत्र के लोहार गांव में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली एक नर्तकी को जा लगी। खुशी का माहौल अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। घायल नर्तकी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक लोहार गांव निवासी सतीश महतो के भाई मनीष कुमार की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और मनोरंजन के लिए नेपाल से आई एक नर्तकी मंच पर प्रस्तुति दे रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक चली एक गोली सीधे नर्तकी की आंख के पास जा लगी। गोली लगते ही वह मंच पर ही गिर पड़ी और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल नर्तकी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हा मनीष कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसका था और फायरिंग किसने की। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग की परंपरा बेहद खतरनाक है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एक बार फिर हर्ष फायरिंग की लापरवाही ने खुशी के मौके को हादसे में बदल दिया है। पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।
