देश की राजधानी दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाने में ही छापेमारी की है। मामला दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां सीबीआई ने शुक्रवार देर रात छापा मारकर एक हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को शिकायत मिली थी कि सुल्तानपुरी थाने में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल किसी व्यक्ति से काम के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

मामले में सिर्फ हेड कॉन्स्टेबल ही नहीं, बल्कि दो अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। सीबीआई के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस मामले में उनकी कोई संलिप्तता तो नहीं है।

इसी बीच इस प्रकरण से जुड़े एक अन्य आरोपी इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल को भी शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। दरअसल, उनकी दो दिन की पुलिस कस्टडी समाप्त होने के बाद सीबीआई की विशेष अदालत में उन्हें पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान आरोपी की ओर से जमानत याचिका दायर की गई, जिस पर अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं।

सीबीआई के अनुसार, इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल के खिलाफ 10 मार्च को भ्रष्टाचार के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति से दो करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। यह रकम इस शर्त पर मांगी गई थी कि एजेंसी में दर्ज शिकायत पर आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

सीबीआई ने अदालत से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की है और कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी के अनुसार, इस केस से जुड़े कई अहम पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल अदालत ने जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए अगली तारीख तय कर दी है।

इस पूरे मामले ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियों की सख्त कार्रवाई का एक बड़ा उदाहरण भी पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *