सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के साथ गलत काम किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता की मां के आवेदन पर सोमवार को बिहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

मामले को लेकर बताया जा रहा है कि बिहरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 की रहने वाली करीब 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता था। आरोप है कि इसी दौरान वह लगातार उसके साथ गलत काम करता रहा। परिजनों को इसकी जानकारी तब हुई जब लड़की की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

 

पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में उल्लेख किया है कि आरोपी ने गर्भपात कराने के उद्देश्य से उसे एक टैबलेट दी, जिसके सेवन के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

 

मामले की पुष्टि करते हुए साईबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि बिहरा थाना क्षेत्र से नाबालिग के साथ गलत काम का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के आवेदन पर पास्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *