भागलपुर जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत साहेबगंज दिलदारपुर इलाके में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है।

 

मामले की जानकारी देते हुए राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि साहेबगंज दिलदारपुर निवासी रीना देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान आरोपी राजेश कुमार उर्फ डोमा वहां पहुंचा और कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौज करने लगा। जब यह बात वादिनी के पुत्र विकास कुमार रजक, मनीष कुमार रजक और अभिषेक कुमार रजक को पता चली तो वे आरोपी को समझाने के लिए उसके घर गए।

 

आरोप है कि इसी दौरान राजेश कुमार उर्फ डोमा ने गुस्से में आकर तीनों युवकों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत ललमटिया थाना पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

 

जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को फायरिंग करते हुए और हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया।

 

इस कार्रवाई में गठित छापेमारी दल में सीआई रंजीत कुमार, डीआईयू के परमेश्वर साहनी, ललमटिया थानाध्यक्ष दीपक पासवान, अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एसआई महावीर कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *