भागलपुर में कैंसर के बढ़ते खतरे के बीच सोमवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH) परिसर में एक उम्मीद की किरण दिखाई दी। बिहार कैंसर केयर ऑर्गनाइजेशन (BCCO) और JLNMCH के संयुक्त तत्वावधान में कैंसर जन-जागरूकता, परामर्श और प्राथमिक जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में शहर के कई नामचीन चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया और कैंसर से बचाव व समय पर इलाज को लेकर लोगों को जागरूक किया।

 

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कैंसर से संबंधित जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर में उपस्थित डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर जांच और सही जानकारी बेहद जरूरी है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए BCCO के चेयरमैन नवीन झा ने संस्था के भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल कैंसर का इलाज करना नहीं, बल्कि इसे शुरुआती चरण में ही पहचान कर रोकना है। उन्होंने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही लोग घबरा जाते हैं, लेकिन सही जानकारी और समय पर जांच से इस बीमारी को हराया जा सकता है।

 

उन्होंने बताया कि BCCO कैंसर के इलाज को सस्ता और सुलभ बनाने के साथ-साथ मरीजों को आर्थिक और भावनात्मक सहयोग देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसके अलावा संस्था अब केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार के सभी 38 जिलों में पंचायत स्तर तक अपना नेटवर्क तैयार करेगी।

 

नवीन झा ने कहा कि इस नेटवर्क के माध्यम से गांव से लेकर राजधानी पटना और दिल्ली तक मरीजों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर, सोशल मीडिया अभियान और वॉलंटियर्स का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी गांव का मरीज इलाज के लिए भटकने को मजबूर न हो।

 

इस मौके पर JLNMCH के कई वरिष्ठ चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कैंसर की प्राथमिक जांच को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए BCCO की इस पहल को समाज के लिए सराहनीय बताया।

 

कार्यक्रम के अंत में BCCO ने लोगों से अपील की कि कैंसर से डरने की बजाय सही जानकारी और समय पर जांच के जरिए इस बीमारी से लड़ने का संकल्प लें। संस्था ने भरोसा दिलाया कि हर कदम पर मरीजों के साथ खड़ी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *