औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार हाइवा और यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना सुही मोड़ के समीप अंबा-नबीनगर रोड पर हुई।
बताया जा रहा है कि बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे और यह बस औरंगाबाद से अंबा होते हुए नबीनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सुही मोड़ के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए।
घायलों में अंकोड़ा गांव निवासी प्रमोद साव (80), वर्मा गांव निवासी अंजली कुमारी (20), मथुरापुर की बेबी कुमारी (18), अंशु कुमारी, पटना के सौरभ कुमार (40), टंडवा क्षेत्र की मंजू देवी (40), निक्की देवी, मंझउली के प्रिंस कुमार (18), पोल गांव की नेहा कुमारी (18), बिशनपुर के शंकर पासवान (45), संडा पर के राजू कुमार (19), सैदपुर नौघड़ा की हिना परवीन (18) समेत अन्य लोग शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस हाइवा ने टक्कर मारी वह फ्लाई ऐश लोड कर एनटीपीसी से आ रहा था और एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सोमवार की सुबह भी महुआ धाम मोड़ के पास हाइवा और ट्रक की टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
