बिहार के रोहतास जिले में एलपीजी गैस को लेकर अफरातफरी के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डेहरी क्षेत्र में एक युवक ने खुद को पुलिसकर्मी और एसपी का बॉडीगार्ड बताकर गैस एजेंसी पर दबंगई दिखाई। आरोप है कि उसने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी देते हुए बिना पैसे दिए जबरन गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया।

घटना मोहिनी इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी की है। एजेंसी संचालक उदय शंकर के अनुसार, अरुण कुमार सिंह नामक व्यक्ति पहले कार्यालय पहुंचा और बिना नंबर लगाए गैस सिलेंडर की मांग करने लगा। जब कर्मचारियों ने सरकारी नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो वह भड़क गया और खुद को रोहतास एसपी का बॉडीगार्ड बताकर दबाव बनाने लगा।

बताया जा रहा है कि पहले वह एजेंसी से चला गया, लेकिन बाद में तार बंगला स्थित डिलीवरी सेंटर पहुंचा और वहां वेंडर से जबरन भरा हुआ सिलेंडर उठाने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद वह बिना भुगतान किए सिलेंडर लेकर चला गया।

इस पूरे मामले में एजेंसी संचालक ने डेहरी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उदय शंकर ने बताया कि आरोपी पहले से उनका ग्राहक रहा है, लेकिन नई गाइडलाइन के तहत बिना नंबर के सिलेंडर देना संभव नहीं था।

इधर, थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि आरोपी रोहतास पुलिस का कर्मी नहीं है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद जिले के गैस एजेंसी संचालकों में भारी नाराजगी है। वहीं, घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज और धमकी का ऑडियो भी सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *