भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिलगौरी मोड़ के समीप वार्ड संख्या 12 में जमीन विवाद को लेकर घर के ही लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

घायल युवती की पहचान सरिता देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने तुरंत उसे सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

 

घायल सरिता देवी ने बताया कि उनके घर की जमीन पर जबरन पानी बहाया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो नारायण कुमार उर्फ राजू कुमार ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर और कुदाल से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी गलत नियत से जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर उनकी बेटी साक्षी भारती के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों मां-बेटी घायल हो गईं।

 

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है।

 

मामले की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट की बात सामने आई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *