झारखंड के विष्णुगढ़ क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुई गंभीर घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केरेडारी प्रखंड के बेलतू मंडल में जोरदार मशाल जुलूस निकालकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

 

यह मशाल जुलूस जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह के दिशा-निर्देश पर बेलतू मंडल अध्यक्ष सुनील राज सिंह उर्फ शेर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में मशाल लेकर “न्याय दो” और “अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का आक्रोश साफ नजर आया।

 

मशाल जुलूस के दौरान माहौल पूरी तरह से आंदोलनमय हो गया। बजरंगी गीतों के साथ कार्यकर्ताओं में जोश और गुस्सा देखने को मिला। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें पूर्व मंडल अध्यक्ष बद्री नारायण सिंह, मंडल महामंत्री चंद्रदेव साव, कर्मचारी साव, केदार सिंह, रविंद्र सिंह, अर्जुन राम, अर्जुन यादव और करणवीर सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।

 

मौके पर बेलतू मंडल अध्यक्ष सुनील राज सिंह उर्फ शेर सिंह ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक भाजपा कार्यकर्ता शांत नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक घटना नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का गंभीर प्रश्न है।

 

भाजपा नेताओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को लेकर 30 मार्च को हजारीबाग जिला बंद का ऐलान किया है। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।

 

इस प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और प्रशासन पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *