जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में माँ पार्वती की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 19 मई तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो 20 मई को जामताड़ा मुख्यालय में भाजपा की ओर से बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हाल के दिनों में जिले में धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक प्रतीकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था और अब गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में माँ पार्वती की प्रतिमा को तोड़ना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। भाजपा ऐसे कृत्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। सुमित शरण ने यह भी कहा कि गांधी मैदान असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने इस घटना को पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए खुली चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे भी बढ़ सकती हैं।
मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।
जामताड़ा में माँ पार्वती की प्रतिमा तोड़े जाने पर भाजपा का अल्टीमेटम, 19 मई तक गिरफ्तारी नहीं तो 20 को होगा बड़ा धरना


