जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां ग्रामीणों की सतर्कता से बाइक चोरी की वारदात नाकाम हो गई। बुधवार को स्टेशन रोड स्थित आर्या लॉज के समीप एक युवक को बाइक चुराने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला मिहिजाम थाना क्षेत्र का है, जहां स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से एक शातिर बाइक चोर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कुसबेदिया निवासी दिनेश्वर रजक की बाइक चुराने की फिराक में था। जैसे ही वह बाइक के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने बिना देर किए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर मिहिजाम थाना में कांड संख्या 19/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी के पास से तीन बाइक की चाबियां बरामद हुई हैं, जिन्हें मास्टर चाबी होने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि कुलदीप यादव एक प्रोफेशनल चोर है और चितरा थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी लंबे समय से बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और पुलिस को उसकी तलाश थी।
गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल रवाना कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है या अकेले ही वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते अपराध पर रोक लगाई जा सके।
