भागलपुर पहुंचे बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने राज्य बजट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पेश किया गया बिहार का बजट राज्य को ज्यादा समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि बिहार के सर्वांगीण विकास का मजबूत रोडमैप है, जिससे गांव से लेकर शहर तक विकास की रफ्तार तेज होगी।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि इस बजट के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। खास तौर पर पंचायती राज विभाग में बजट के माध्यम से विकास को नई गति मिलेगी। पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा ताकि योजनाओं का सीधा लाभ गांव-गांव तक पहुंचे और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो सकें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से न सिर्फ जीवन स्तर सुधरेगा, बल्कि पलायन की समस्या पर भी लगाम लगेगी। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इसके साथ ही मंत्री दीपक प्रकाश ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मौजूदा जियो पॉलिटिक्स के दौर में अमेरिका द्वारा टैरिफ कंट्रोल का फैसला भारत के प्रति भरोसे को दर्शाता है। यह वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत होती स्थिति का प्रमाण है। उन्होंने इस फैसले को देश के प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और मजबूत विदेश नीति का परिणाम बताया।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि इस विश्वास के लिए देश के प्रधानमंत्री धन्यवाद के पात्र हैं। भारत आज विश्व पटल पर एक भरोसेमंद और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, जिसका लाभ राज्यों को भी मिल रहा है। बिहार भी इस सकारात्मक माहौल का पूरा फायदा उठाकर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अंत में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम करेगी, ताकि बिहार का हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके और राज्य समृद्धि की राह पर तेजी से आगे बढ़े।
