भागलपुर सहित पूरे बिहार में नए साल की शुरुआत ठिठुरन भरी ठंड और घने कोहरे के साथ हुई है। ठंडी पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं सड़क और रेल यातायात पर भी इसका असर साफ नजर आ रहा है।

 

भागलपुर, पटना, जहानाबाद, बेगूसराय, खगड़िया समेत करीब 10 जिलों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। इन इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी कई स्थानों पर 10 मीटर से भी कम रिकॉर्ड की गई है। इसके कारण सुबह के समय वाहनों की रफ्तार थम सी गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के सभी 38 जिलों में कोहरा और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। अनुमान है कि 5 जनवरी तक प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा। इस दौरान कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

 

पिछले 24 घंटे के तापमान आंकड़ों पर नजर डालें तो सीवान प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गया में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि औरंगाबाद और अरवल में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन की ओर से भी ठंड को देखते हुए अलाव, रैन बसेरा और अन्य राहत इंतजाम तेज कर दिए गए हैं। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और सख्त रहने की संभावना जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *