साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सवालापुर–बरहरवा मुख्य सड़क स्थित बाकुड़ी बाजार में एक यंत्र चालित भूटभूटिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दर्जी की दुकान में जा घुसा।
इस हादसे में गदायटूंंगी निवासी चिन्तामुनी पहाड़िन गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि वाहन चालक को भी हल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तीनपहाड़ से बरहरवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन बाकुड़ी बाजार पहुंचा, अचानक उसका स्टेयरिंग फंस गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे दुकान में जा टकराया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। खासकर पहाड़िया समुदाय के लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस ने चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया, लेकिन गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर अस्पताल नहीं भेजा गया। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
हालांकि बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बावजूद करीब एक घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
