रोहतास जिले के चेनारी में आयोजित गुप्ता धाम महोत्सव इस वर्ष भी भव्य और यादगार रहा। पर्यटन विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी के नामचीन कलाकारों का जमावड़ा देखने को मिला। मंच पर जैसे ही कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति शुरू की, पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

 

भोजपुरी के चर्चित गायक-अभिनेता अरविंद अकेला कल्लू, लोकप्रिय जोड़ी अंकुश-राजा, गायिका शिवानी सिंह और हर्षप्रीत कौर ने अपने सुरीले गीतों से देर रात तक समा बांधे रखा। कलाकारों ने भगवान शिव से जुड़े भजन-कीर्तन और भोजपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूमते नजर आए।

 

हालांकि कार्यक्रम के समापन के समय अत्यधिक भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ बेकाबू हो गई और लगभग 200 से अधिक कुर्सियां तोड़ दी गईं। अचानक मची इस अफरा-तफरी से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मंत्री व विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडे तथा सासाराम की एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।

 

हर वर्ष की तरह इस बार भी चेनारी के रामदुलारी हाई स्कूल प्रांगण में महोत्सव का आयोजन किया गया। चेनारी के समीप स्थित गुप्तेश्वर महादेव शिवालय के नाम पर ही इस महोत्सव का आयोजन होता है।

 

जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल से आयोजित यह महोत्सव सांस्कृतिक दृष्टि से सफल रहा। आयोजकों का उद्देश्य गुप्ता धाम महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार कर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से इस क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *