भागलपुर जिले के लिए गर्व का क्षण उस समय देखने को मिला, जब स्नेहा कुमारी ने बिहार विधान सभा में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। ‘Union Budget 2026: Strengthening the Youth Power towards Viksit Bharat 2047’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए स्नेहा ने माननीय मंत्रिमंडल के समक्ष युवाओं की भूमिका, शिक्षा की महत्ता और विकसित भारत के विजन को प्रभावशाली ढंग से रखा।

 

उनकी प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि मंत्रिमंडल के सदस्यों पर इसका गहरा असर पड़ा। सभी माननीय सदस्यों ने न केवल उनके विचारों की सराहना की, बल्कि भागलपुर की शिक्षा व्यवस्था की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भागलपुर की शैक्षणिक गुणवत्ता में एक अलग पहचान और उत्कृष्टता झलकती है, जो राज्य के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है।

 

कार्यक्रम के दौरान स्नेहा कुमारी को माननीय विधायक द्वारा भागलपुर का पारंपरिक अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल स्नेहा के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी भी क्षेत्र से निकलकर बड़े मंच तक अपनी पहचान बना सकती है।

 

स्नेहा कुमारी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में टॉप-10 प्रतिभागियों में स्थान हासिल किया और 6वीं रैंक प्राप्त की। यह उपलब्धि उनके मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है।

 

भागलपुर के लोगों के लिए यह एक प्रेरणादायक कहानी है, जो बताती है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ युवा किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। स्नेहा की इस सफलता ने जिले के अन्य छात्रों को भी आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *