भागलपुर, 27 फरवरी 2026: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित BCA Mens Senior One Day Trophy के लीग मुकाबले में भागलपुर मेन्स सीनियर टीम ने लखीसराय मेन्स सीनियर को 206 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। मुकाबला सैंडिस कंपाउंड में खेला गया, जहां भागलपुर की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया।

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भागलपुर की टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 353 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज विकाश बासुदेव यादव ने ऐतिहासिक पारी खेलते हुए 150 गेंदों पर नाबाद 159 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा बासुकीनाथ मिश्रा ने 60 गेंदों पर 71 रन (6 चौके, 3 छक्के) की तेज पारी खेली, जबकि सूर्या रघु वंश ने मात्र 19 गेंदों पर 38 रन जोड़े। लखीसराय की ओर से रवि बिनोड सिंह और प्रणय संजय कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए।

 

354 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखीसराय की टीम भागलपुर की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 32.2 ओवर में 147 रनों पर सिमट गई। लखीसराय की ओर से आयुष विजय रंजन (31 रन) और रवि बिनोड सिंह (34 रन) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके।

 

भागलपुर की गेंदबाजी में सचिन दिलीप कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूर्या रघु वंश और कुणाल पीयूष राज ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

 

नाबाद 159 रनों की विस्फोटक पारी के लिए विकाश बासुदेव यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच में अंपायर के रूप में वेद प्रकाश और अमरिंदर पांडे रहे, जबकि स्कोरर के तौर पर अंकित अमित राज और शिवम कुमार ने जिम्मेदारी निभाई। मुकाबले के ऑब्जर्वर के रूप में एनसीए लेवल-2 एवं बीसीसीआई कोच संजय कुमार उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *