भागलपुर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने 3 फरवरी की मध्य रात्रि को बड़ी कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के नेतृत्व में पुलिस बल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर जीरो माइल से कहलगांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

 

यह कार्रवाई देर रात उस समय की गई, जब अवैध खनन और परिवहन में लिप्त वाहन सक्रिय रहते हैं। अभियान के दौरान खास तौर पर अवैध, बिना चालान और ओवरलोडेड ट्रकों की गहन जांच की गई। जांच में गिट्टी और अवैध बालू से लदे कई ट्रक बिना वैध दस्तावेजों के पकड़े गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए सभी ट्रक क्षमता से अधिक यानी ओवरलोडेड थे।

 

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया और उनके खिलाफ आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। खनन और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध बालू और गिट्टी का परिवहन कहां से और कहां तक किया जा रहा था।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं।

 

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि इस तरह की औचक वाहन जांच और कड़ी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जिले के विभिन्न मार्गों पर अचानक जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

 

पुलिस की इस रात्री कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। भागलपुर पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

Bihar Police | Bhagalpur Police

#HainTaiyarHum #Bhagalpur #VehicleChecking #IllegalMining

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *