भागलपुर के जीरो माइल स्थित रेशम भवन में उद्योग विभाग से संबंधित ऋण स्वीकृति एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। इस अवसर पर डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक खुशबू कुमारी, उपमहाप्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान कुल 89 लाभार्थियों को अलग-अलग बैंकों के माध्यम से 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का वितरण किया गया। जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने चयनित उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

 

अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि ऋण प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थी इस अवसर का सदुपयोग करें और अपने उद्योग को सफलतापूर्वक स्थापित व संचालित करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि योग्य आवेदकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उद्योगों की स्थापना में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक के बड़े बकायेदारों के विरुद्ध जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले समय में भागलपुर को उद्योग के हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उनका लक्ष्य है कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें।

 

डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने लाभार्थियों से अपील की कि वे समय पर ऋण की अदायगी सुनिश्चित करें, ताकि बैंकिंग व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अन्य जरूरतमंदों को भी लाभ मिल सके।

 

उद्योग विभाग की महाप्रबंधक खुशबू कुमारी ने कहा कि यह शिविर उद्यमियों को आगे बढ़ाने और उद्योगों को पंख देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। जिला प्रशासन और उद्योग विभाग का प्रयास है कि युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने अधिकारियों से छोटे उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने की अपील की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *