भागलपुर जिलाधिकारी Nawal Kishore Choudhary ने बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड की बैजानी गांव पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब किनारे बन रही सीढ़ी निर्माण योजना, उच्च विद्यालय परिसर तथा अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

 

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने साथ मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरी होनी चाहिए। डीएम ने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद इंजीनियरों और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट भी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।

 

दौरे के उपरांत नव निर्मित पंचायत सरकार भवन में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक गोपनीय बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तय की गई।

 

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बैजानी पंचायत में संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ा दी गई है। इन दिनों पंचायत में अधिकारियों का लगातार आना-जाना बना हुआ है।

 

स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासनिक सक्रियता को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि उच्चस्तरीय निरीक्षण और लगातार मॉनिटरिंग से क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं का और सुदृढ़ विकास होगा तथा लंबित योजनाएं जल्द पूरी होंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *