बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी की कोशिश की गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के 10 दिन बाद FIR दर्ज हुई, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

मामला खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। आरोप है कि 7 मार्च को गोलू नामक युवक ने नशे की हालत में पड़ोस की एक नाबालिग बच्ची को घर में अकेला पाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में चला गया। परिवार का आरोप है कि आरोपी और उसके सहयोगियों द्वारा लगातार धमकियां दी जाती रहीं, ताकि वे पुलिस में शिकायत दर्ज न कर सकें। इसी डर और दहशत के कारण परिवार कई दिनों तक चुप रहा।

 

हालांकि, बाद में सामाजिक दबाव और समाज के प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद 17 मार्च को गंगौर थाना में FIR दर्ज कराई गई। लेकिन FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना में पुलिस की धीमी कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। लोगों का आरोप है कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो आरोपी अब तक सलाखों के पीछे होता।

 

वहीं, पीड़ित परिवार आज भी भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। समाज के लोग लगातार परिवार को सांत्वना दे रहे हैं और प्रशासन से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *