दियारा क्षेत्र में फसल लूट की घटनाएं एक बार फिर सामने आई हैं, जहां असामाजिक तत्व किसानों की मेहनत पर पानी फेरने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत बरारी के दियारा क्षेत्र मेघाजान का है, जहां किसानों की फसल लूटे जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही जीरो माइल थाना अध्यक्ष बुद्धेश्वर पासवान और बरारी पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दियारा क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। किसानों ने बताया कि कुछ दबंग किस्म के लोग उनकी तैयार फसलों को जबरन काटने और लूटने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उनमें भय का माहौल बना हुआ है।

 

मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष और मुखिया ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है और किसी भी कीमत पर उनकी फसल को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की मेहनत की फसल की सुरक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

बरारी मुखिया जयकरण पासवान ने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने या लूटने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

 

गौरतलब है कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में फसल लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें मुखिया जयकरण पासवान ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रशासन की मदद से किसानों की फसल को बचाने का काम किया था। इस बार भी उन्होंने तत्परता दिखाते हुए न केवल प्रशासन को सूचित किया, बल्कि खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

 

इस कार्रवाई के बाद किसानों में राहत और विश्वास का माहौल है। वहीं प्रशासन ने भी संकेत दिया है कि दियारा क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *