भागलपुर के धनकुंड थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बबुरा गांव स्थित बाबूरा चौक पर एक जनप्रतिनिधि के कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित मोहम्मद नौशाद ने बताया कि 4 से 5 की संख्या में आए अपराधियों ने जबरन उनके कार्यालय में प्रवेश किया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूरे कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ भी की। हमलावरों ने जाते-जाते उन्हें गंभीर धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, अपराधियों ने कहा कि “अभी तो सिर्फ इतना ही हुआ है, आगे तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी।”
मोहम्मद नौशाद ने बताया कि वे क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि और प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। उन्होंने इस हमले के पीछे भावेश चौधरी नामक व्यक्ति का हाथ होने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लंबे समय से गांजा और ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त है।
नौशाद के मुताबिक, आरोपी पहले धनकुंड थाना क्षेत्र में सक्रिय था, लेकिन फिलहाल गोराडीह थाना क्षेत्र के एक बहियार में घर बनाकर वहीं से नशीले पदार्थों का धंधा चला रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्होंने ही गोराडीह थाना को सूचना देकर गांजा से भरी एक गाड़ी को पकड़वाया था, जिसके बाद से ही आरोपी उनसे रंजिश रखता था।
पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश में इस हमले को अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में डर और आक्रोश दोनों का माहौल है।
