बिहार की राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हिंसा की बड़ी घटना सामने आई। व्यापुर पूर्वी गली में बिहार सरकार के कृषि मंत्री के समधी राजेंद्र प्रसाद के घर पर पड़ोसियों द्वारा हथियारबंद हमला कर दिया गया। इस हमले में अंधाधुंध फायरिंग, तलवारबाजी और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। इसके बाद घर में घुसकर जमकर मारपीट की गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गोलियों की आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं। पुलिस ने मौके से गोली के कई खोखे बरामद किए हैं।

इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राजेंद्र प्रसाद के पुत्र राजेश कुमार उर्फ पप्पू, मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। मनीष और नितीश का इलाज  AllMS पटना में चल रहा है, जबकि राजेश को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

घायल मनीष कुमार ने बताया कि मुकेश, दीपक, प्रिंस समेत कई पड़ोसियों पर हमले का आरोप है। उनके मुताबिक, पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि हमलावर पहले फायरिंग करते हुए पहुंचे और फिर हथियारों के साथ घर पर हमला कर दिया।

सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *