नवगछिया पुलिस जिला से एक चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद में एक पुलिसकर्मी ने दूसरे पुलिसकर्मी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि खाकी की अनुशासनात्मक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पास की है। जानकारी के अनुसार, ASI ट्रेनिंग कर रहे पीटीसी सिपाही विशाल कुमार सिंह छुट्टी से लौटकर ट्रेन से नवगछिया स्टेशन पहुंचे थे।
स्टेशन से उतरने के बाद वह आसपास घूमने निकले, जहां उनकी मुलाकात पहले से मौजूद दारोगा जयराम मांझी से हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था, लेकिन कुछ ही देर में यह मजाक विवाद में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दारोगा जयराम मांझी ने अचानक चाकू निकालकर सिपाही विशाल कुमार सिंह पर हमला कर दिया। हमले में विशाल के पेट और छाती के पास गंभीर चोटें आईं। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और घायल सिपाही को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिपाही की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सिपाही की स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है।
घायल सिपाही विशाल कुमार सिंह ने अस्पताल में दिए गए संक्षिप्त बयान में कहा, “सुबह दारोगा के साथ हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था। तभी अचानक दारोगा ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।” हालांकि गंभीर जख्मों के कारण वह अधिक बोलने की स्थिति में नहीं हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के एसडीपीओ ओमप्रकाश ने तुरंत एसआईटी (विशेष जांच टीम) के गठन की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी नवगछिया टाउन थाना को सौंपी गई है। एसडीपीओ के अनुसार, यह एक बेहद गंभीर मामला है और हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर दारोगा अजीत कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का फर्द बयान दर्ज किया गया।
वहीं नवगछिया नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घायल सिपाही से पूरे मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन जख्म गंभीर होने के कारण वह फिलहाल बोलने में असमर्थ हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी दारोगा जयराम मांझी को हिरासत में ले लिया गया है। अस्पताल में कराई गई जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
घायल सिपाही विशाल कुमार सिंह आरा जिले के रहने वाले हैं और पहले ढोलबज्जा थाना में पदस्थापित थे। कुछ दिन पहले ही वह पुलिस लाइन में कार्यरत हुए थे। वहीं आरोपी दारोगा छपरा जिले के ईशुपुर दिखवारा का निवासी बताया जा रहा है।
खाकी के भीतर हुई इस हिंसक घटना ने पुलिस विभाग की कार्यशैली, अनुशासन और आंतरिक निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। अब सभी की नजरें एसआईटी की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
