कपिल शर्मा अपने ट्वीट्स के लिए पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। अब उनका लेटेस्ट ट्वीट एक बार फिर से चर्चा में है। कपिल ने ट्विटर पर पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान की ऐंटी करप्शन हेल्पलाइन की तारीफ की थी। उन्होंने लिखा था, पाजी आप पर गर्व है। दरअसल भगवंत मान भी कॉमेडियन और ऐक्टर रह चुके हैं। इस ट्वीट पर एक शख्स ने उनको ट्रोल किया। उस शख्स ने कहा था कि वह राज्यसभा जाने के लिए भगवंत मान को मक्खन लगा रहे हैं। इस पर अब कपिल शर्मा ने ट्रोलिंग करने शख्स का ट्वीट रीट्वीट करते हुए जवाब दिया है।
भगवंत मान ने शहीद दिवस के मौके पर ट्वीट किया था कि ऐंटी करप्शन हेल्पलाइन लॉन्च कर रहे हैं। अगर कोई घूस मांगे तो शिकायत की जा सकती है। साथ में नंबर दिया था। इस ट्वीट पर कपिल ने लिखा था, पाजी आप पर बहुत गर्व है। साथ ही हार्ट इमोजी और क्लैप इमोजी भी बनाए थे। कपिल के इस ट्वीट पर मनोज कुमार मित्तल नाम के शख्स ने ट्वीट किया, हरभजन की तरह राज्यसभा के टिकट के लिए मक्खन लगा रहे हो क्या।
इस पर कपिल शर्मा ने जवाब दिया है, बिलकुल नहीं मित्तल साहब, बस इतना सा ख्वाब है कि देश तरक्की करे बाकी आप कहो तो आपकी नौकरी की लिए कहीं बात करूं? कपिल और भगवंत मान दोनों में कई चीजें कॉमन हैं। दोनों पंजाब से हैं। पॉलिटिक्स में आने से पहले भगवंत मान कॉमेडियन रह चुके हैं। दोनों ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज के अलग-अलग सीजन्स में दिखाई दिए थे।
कपिल से नौकरी मांग रहे लोग
कपिल के जवाब पर कई लोग नौकरी मांग रहे हैं। बता दें कि बीते दिनों कपिल शर्मा का नाम द कश्मीर फाइल्स कॉन्ट्रोवर्सी में भी आ चुका है। विवेक अग्निहोत्री के एक ट्वीट के बाद लोग कपिल शर्मा के शो को बॉयकॉट कर रहे थे। विवेक ने कहा था कि फिल्म में बड़ी कास्ट नहीं है इसलिए प्रमोशन के लिए नहीं बुलाया गया।