सहरसा, 23 फरवरी 2026: एंटी रोमियो स्क्वॉड (पिंक पेट्रोलिंग)/अभया ब्रिगेड की टीम ने सहरसा जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी। यह अभियान सहरसा पुलिस के तत्वावधान में चलाया गया।
टीम ने छात्राओं को महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही साइबर अपराध और साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान थाना स्तर पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क, साइबर सुरक्षा प्रकोष्ठ तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी जागरूक करते हुए कहा कि कानून महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त है और किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
टीम ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने और चुप न रहने की सलाह दी। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से भी अपील की गई कि वे बच्चों को नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ें।
Bihar Police ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
#SaharsaPolice #HainTaiyaarHum #KnowYourPolice #JanPolice #MahilaSuraksha #Bihar #Saharsa
