भागलपुर व्यवहार न्यायालय को एक बार फिर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सख्त कर दी गई और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से हर कोने की जांच की जा रही है।

 

गौरतलब है कि करीब दस दिन पहले भी इसी तरह ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई थी। उस समय भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी, लेकिन अब तक उस मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

ताजा धमकी के बाद एहतियातन अधिवक्ताओं, वादियों और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों को परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया। सभी को मुख्य गेट के बाहर ही रोक दिया गया, जिससे न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ। कई मामलों की सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। इसे लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि जब पहले मामले की जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई, तो इस तरह की घटनाएं दोहराई जा रही हैं।

 

पुलिस का कहना है कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल को सक्रिय किया गया है। ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि धमकी की सच्चाई का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *