नालंदा के बिहार शरीफ में बुधवार की शाम उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई, जब मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। अपने पुराने अंदाज में मूंछ पर ताव देते हुए अनंत सिंह का स्वागत जोरदार नारों के साथ किया गया। समर्थकों ने “देखो-देखो कौन आया, शेर आया” के नारे लगाकर माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया।

 

इस दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने बिहार की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी स्पष्ट राय रखी। मुख्यमंत्री पद को लेकर उठ रही अटकलों को उन्होंने बेबुनियाद बताते हुए कहा कि इस तरह की बातें सिर्फ अफवाह हैं।

 

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य की बात की जाए तो नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार मुख्यमंत्री बनने के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। अनंत सिंह ने निशांत कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें पढ़ा-लिखा, ईमानदार और बेहतर व्यक्तित्व वाला बताया। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।

 

इसके साथ ही अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार आगामी चुनाव नहीं लड़ते हैं, तो वे भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसी स्थिति में उनकी जगह उनका बेटा चुनावी मैदान में उतरेगा। इस बयान को लेकर भी राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

 

वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने हल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि “दिल्ली कोई विदेश नहीं है, वहां आना-जाना लगा रहता है।”

 

कुल मिलाकर, बिहार शरीफ में अनंत सिंह का यह दौरा और उनका बयान राज्य की राजनीति में नई बहस को जन्म दे गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *