भागलपुर। शहर के संवेदनशील समाहरणालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को प्रशासनिक महकमे में अफरातफरी मच गई। अज्ञात अपराधियों ने ई-मेल के माध्यम से समाहरणालय को निशाना बनाने की चेतावनी दी, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गए।
धमकी भरा मेल मिलते ही एहतियातन समाहरणालय परिसर को खाली करा लिया गया। अंदर मौजूद आम नागरिकों और कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समाहरणालय परिसर में डीएम कार्यालय, डीडीसी कार्यालय, समीक्षा भवन समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी शाखाएं संचालित होती हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। परिसर के भीतर ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों की भी बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने हर कोने की पड़ताल की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का पता लगाया जा सके।
सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भागलपुर व्यवहार न्यायालय को दो बार ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि उन मामलों में भी जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां साइबर स्तर पर भी सक्रिय हो गई हैं। मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है।
