मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान-इजराइल के बीच जारी संघर्ष के बीच बिहार सरकार ने अपने प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अहम पहल की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने खाड़ी देशों में फंसे प्रवासी बिहारियों की मदद के लिए 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
श्रम संसाधन एवं प्रवासी मजदूर कल्याण विभाग द्वारा जारी यह हेल्पलाइन नंबर 7217788114 है, जिस पर कॉल कर विदेशों में रह रहे बिहारी नागरिक या उनके परिजन किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क कर सकते हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस नंबर पर आने वाली हर कॉल को प्राथमिकता दी जाएगी और जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों में हवाई सेवाएं बाधित होने, फ्लाइट कैंसिल होने और सुरक्षा हालात बिगड़ने की खबरों ने वहां काम कर रहे लाखों भारतीयों, खासकर बिहारियों की चिंता बढ़ा दी है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, कुवैत, बहरीन, इराक और ईरान जैसे देशों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रोजगार के सिलसिले में रह रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने एहतियात के तौर पर यह हेल्पलाइन व्यवस्था शुरू की है।
विभाग के सचिव दीपक आनंद ने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मिडिल ईस्ट की स्थिति पर नजर रखने के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है, जो 24 घंटे हालात की मॉनिटरिंग करेगी और जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार व संबंधित दूतावासों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह हेल्पलाइन दिल्ली स्थित बिहार भवन से संचालित की जा रही है, जिसे कंट्रोल रूम के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे बिहारियों और उनके परिवारों को सही जानकारी और भरोसेमंद सहायता उपलब्ध कराना है।
सीवान, गोपालगंज, छपरा और मधुबनी जैसे जिलों से बड़ी संख्या में लोग खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। युद्ध जैसे हालात के बीच सरकार की इस पहल से इन जिलों के परिवारों को बड़ी राहत मिली है और वे अपनों की सुरक्षा को लेकर अब सीधे सरकारी संपर्क में रह सकेंगे।
