बिहार के मोतिहारी में कथित जहरीली शराब पीने से दो लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक व्यक्ति की आंखों की रोशनी स्थायी रूप से चली गई है, जबकि एक अन्य की मौत की अफवाह से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि प्रशासन ने जहरीली शराब से मौत की बात को सिरे से खारिज कर दिया है और पूरे मामले की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

घटना मोतिहारी के बालगंगा गांव की है, जहां बुधवार शाम कुछ युवकों ने कथित रूप से स्प्रिट मिली शराब का सेवन किया। पीड़ित लोहा ठाकुर के अनुसार, उसने अपने दो साथियों के साथ यह नशीला पदार्थ पिया था। कुछ ही घंटों बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। एक साथी की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसकी दोनों आंखों की रोशनी चली गई, जबकि अन्य लोगों को उल्टी, बेचैनी और कमजोरी की शिकायत होने लगी। सभी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

इसी बीच गांव में एक व्यक्ति की मौत की अफवाह फैल गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि वार्ड पार्षद रमाशंकर ठाकुर ने बताया कि अभी तक गांव में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है और दो लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि एक युवक की मौत हुई है, लेकिन वह पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। साथ ही दो लोगों की हालत बिगड़ने के मामले की फॉरेंसिक जांच जारी है और पुलिस अवैध शराब के स्रोत तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। बिहार में शराबबंदी के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *