भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अवैध पैसे की मांग का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के बैजलपुर पंचायत अंतर्गत कुरपट गांव की रहने वाली माला देवी से जुड़ा है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरीज के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर अस्पताल के कुछ कर्मियों द्वारा उनसे 40 हजार रुपये की मांग की गई। परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में जहां मुफ्त या न्यूनतम खर्च में इलाज की सुविधा होनी चाहिए, वहां इस तरह की अवैध वसूली बेहद चिंताजनक है।
मामले की जानकारी मिलते ही नाथनगर विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व प्रत्याशी जेड हसन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरीज और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को भी मामले से अवगत कराया।
जेड हसन ने बताया कि उन्होंने हड्डी रोग विभाग के हेड से फोन पर बातचीत कर मरीज को उनके यूनिट में भर्ती कराने का अनुरोध किया। उनके हस्तक्षेप के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए माला देवी को दूसरे यूनिट में एडमिट किया गया और उनके लिए बेड की समुचित व्यवस्था भी कराई गई।
इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से बात कर आरोपित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जेड हसन ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर पैसे मांगना बेहद गंभीर और अस्वीकार्य है। ऐसे मामलों में दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने की बात कही कि मरीज को पूरी तरह निःशुल्क और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल, यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।
