भागलपुर जिले के Bath Police Station क्षेत्र के करहरिया पंचायत अंतर्गत पिपरा ब्रमपुर गांव में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने गांव के कुछ दबंग लोगों पर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पीड़ित लगातार थाना और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।

 

पीड़ित किसान प्रमोद शर्मा ने थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि गांव के ही सुरेश शर्मा, तीरपोल शर्मा, प्रमानंद शर्मा, ध्रुव शर्मा, उनकी पत्नी किरण देवी, सुधा देवी तथा सुमित कुमार ने दबंगई दिखाते हुए उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

 

प्रमोद शर्मा के अनुसार, पहले इन सभी लोगों के बीच जमीन का आपसी बंटवारा हो चुका था। इसके बाद आरोपियों ने अपनी जमीन गांव के ही गुरु प्रसाद मिस्त्री और निर्मला देवी को बेच दी थी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के पास रहने के लिए जगह नहीं बची थी, जिस कारण गांव में आपसी सहमति से चारों भाइयों को रहने के लिए दस-दस धुर जमीन दी गई थी।

 

पीड़ित ने आरोप लगाया कि अब वही लोग दबंगई दिखाते हुए उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके घर, रास्ते और कुएं तक को बंद कर दिया है और जमीन को घेरकर वहां मकान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

मामले को लेकर ग्राम कचहरी में भी सुनवाई की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि जब आरोपियों को ग्राम कचहरी बुलाया गया तो उन्होंने वहां पहुंचकर सरपंच Mahendra Karma के साथ भी दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

 

पीड़ित ने इस मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी को भी आवेदन देकर धारा 144 लगाने की मांग की है। आवेदन के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल भी कर चुकी है। हालांकि पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने का काम जारी है। अब पीड़ित किसान प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *