नवगछिया प्रखंड के तेतरी गांव स्थित प्रसिद्ध दुर्गा (बजरंगबली) मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकांत राय ने नवगछिया के पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर मंदिर परिसर की सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
आवेदन में रामकांत राय ने बताया है कि तेतरी मौजा में स्थित उनकी निजी भूमि पर ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों पूर्व बजरंगबली मंदिर का निर्माण कराया गया था। यह मंदिर न केवल गांव बल्कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग मंदिर की उक्त भूमि के एक हिस्से पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
मंदिर समिति के अनुसार अतिक्रमणकारी मंदिर के पीछे की ओर जमीन में पिलर गाड़कर अवैध निर्माण की तैयारी कर रहे हैं। जब इस कार्य का विरोध किया गया तो आरोपितों द्वारा रामकांत राय और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट की धमकी दी गई तथा जान से मारने तक की चेतावनी दी गई।
रामकांत राय ने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप नहीं हुआ तो कभी भी कोई गंभीर घटना घट सकती है, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मंदिर तथा संबंधित भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी बताया कि आवेदन की प्रतिलिपि राज्य के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी भेजी गई है। इधर, मामला सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भी रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए मंदिर की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।
