झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़िता स्मृति कुमारी ने झंडापुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने मुकेश चौधरी, सुदर्शन चौधरी, राजा चौधरी, सुजल चौधरी और अंकित चौधरी को नामजद आरोपित बनाया है।
स्मृति कुमारी ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी सुनियोजित तरीके से उनके मिल पर पहुंचे और वहां लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने 10 हजार रुपये नकद तथा उनका मंगलसूत्र छीन लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर जब उनके परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपितों ने उनके पति के साथ भी मारपीट की।
आवेदन के अनुसार, मारपीट के दौरान उनके पैर पर लाठी से वार किया गया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया।
इधर, दूसरे पक्ष की ओर से भी थाने में आवेदन दिया गया है। उनका कहना है कि आरोप निराधार हैं और विवाद जमीन से संबंधित है। दोनों पक्षों के आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आलोक में मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांचोपरांत जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
