ऑल इंडिया ओबीसी रेल एम्प्लॉइज एसोसिएशन, सहरसा ब्रांच की ओर से आज देश की प्रथम शिक्षिका एवं महान समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों द्वारा माता सावित्रीबाई फुले के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के उपरांत रेलवे अस्पताल, सहरसा परिसर में एक सभा का आयोजन किया गया।
सभा के दौरान रेलवे अस्पताल का लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज से टाइअप किए जाने को लेकर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता सीनियर डीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने की। इस अवसर पर लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज के जीएम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों के बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सीनियर डीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज के साथ समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। वहीं लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज के जीएम ने आश्वस्त किया कि रेलवे अस्पताल के साथ उनका संबंध लगातार बना रहेगा। रेलवे कर्मचारियों के लिए अलग से काउंटर खोला जाएगा और सभी प्रकार का उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में कर्मचारियों को बाहर न जाना पड़े।
इस मौके पर सहरसा के नए स्टेशन अधीक्षक बनाए जाने पर रमेश कुमार को ओबीसी एसोसिएशन की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग के लिए एसोसिएशन के नेताओं की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी कर्मचारी हित में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
ओबीसी एसोसिएशन के शाखा सचिव अंगद कुमार ने बताया कि ट्रेड यूनियन मान्यता चुनाव के दौरान रेलवे कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नववर्ष का तोहफा सहरसा के रेलवे कर्मचारियों के लिए है। शाखा अध्यक्ष धनंजय कुमार ने सभी सदस्यों को टीम वर्क के लिए धन्यवाद दिया।
सभा का संचालन शाखा सचिव कुशाग्र जी ने किया। कार्यक्रम में राजन जी के महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना की गई। वहीं जयप्रकाश कुमार, मुरारी कुमार, कुशुम लाल यादव, संतोष कुमार, श्याम कुमार, रतन कुमार, राहुल कुमार, रामप्रवेश कुमार, रमन कुमार सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ओबीसी एसोसिएशन के कैलेंडर का भी लोकार्पण किया गया।
