बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य के युवाओं, खासकर Gen-Z मतदाताओं को संबोधित करते हुए एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस संदेश में राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं को लोकतंत्र बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में पहुँचने की अपील की।

राहुल गांधी ने अपने संदेश की शुरुआत भावनात्मक अंदाज़ में की—“बिहार के मेरे युवा साथियों, मेरे Gen-Z भाइयों और बहनों, कल का दिन सिर्फ मतदान का दिन नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य की दिशा तय करने का दिन है।” उन्होंने पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से कहा कि यह सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा करने का सबसे बड़ा मौका है।

उन्होंने अपने संदेश में हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 का ज़िक्र करते हुए ‘भयंकर वोट चोरी’ का आरोप लगाया। गांधी ने दावा किया कि वहां 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। साथ ही महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ‘जनता की आवाज़ दबाने की कोशिशों’ का हवाला दिया। राहुल गांधी का कहना है कि अब ‘इनकी नज़र बिहार पर है’, इसलिए युवाओं को बूथ पर हर साजिश के खिलाफ सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा, “महागठबंधन के प्रत्याशी को वोट दीजिए, लोकतंत्र को बचाइए, बिहार को जगाइए। सत्य और अहिंसा से बदलाव संभव है।”

यह वीडियो संदेश उस समय आया है जब उन्होंने दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘H-फाइल्स’ के जरिए BJP और चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी के बड़े आरोप लगाए थे। राहुल ने चेतावनी दी—“Gen-Z, आपका भविष्य चोरी हो रहा है। सत्य-अहिंसा के रास्ते पर चलकर लोकतंत्र बहाल करो।”

इधर BJP ने राहुल गांधी की अपील को पूरी तरह खारिज करते हुए पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे ‘युवाओं को भड़काने की कोशिश’ बताया। हरियाणा CM नायब सैनी ने ‘H-फाइल्स’ को फर्जी बताया, जबकि ECI ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में चुनाव को लेकर कोई भी आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई। BJP सांसद निशिकांत दुबे ने तंज कसते हुए कहा कि “Gen-Z राजवंशवाद नहीं, विकास चाहती है।”

बिहार चुनाव दो चरणों—6 और 11 नवंबर—में हो रहे हैं। पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान होगा। महागठबंधन और NDA के बीच इस बार बराबरी की टक्कर मानी जा रही है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *