बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में इस बार जमुई जिले ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में 492 अंक यानी 98.4 प्रतिशत हासिल कर राज्य में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनके साथ वैशाली जिले की सबरीन परवीन भी संयुक्त टॉपर बनी हैं।

पुष्पांजलि कुमारी की इस उपलब्धि से पूरे जमुई जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। सिमुलतला आवासीय विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल है। शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। खास बात यह है कि पुष्पांजलि मूल रूप से बांका जिले के रजौन की रहने वाली हैं।

सिमुलतला आवासीय विद्यालय को “टॉपर की फैक्ट्री” कहा जाता है और इस बार भी विद्यालय ने अपनी पहचान को कायम रखा है। 7 साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर इस विद्यालय के छात्र ने स्टेट टॉपर बनकर इतिहास रच दिया है। इससे पहले वर्ष 2019 के बाद से कोई भी छात्र राज्य टॉपर नहीं बन पाया था।

इस सफलता की कड़ी में विद्यालय के अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। अभिनव कुमार ने 485 अंक लाकर राज्य में छठा स्थान प्राप्त किया, जबकि सुरभि कुमारी ने 481 अंक के साथ दसवां स्थान हासिल किया। वहीं, बरहट प्रखंड के गूगूलडीह उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र शुभम कुमार तांती ने 483 अंक लाकर आठवां स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।

गौरतलब है कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय के छात्र वर्ष 2015 से लगातार मैट्रिक परीक्षा के टॉप-10 में अपनी जगह बना रहे हैं। हर साल यहां के छात्र बेहतरीन प्रदर्शन कर शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल कर रहे हैं।

एक बार फिर सिमुलतला ने साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। जमुई के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है और आने वाले समय में भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *