भागलपुर में क्राइसिस मैनेजमेंट को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्य सचिव बिहार की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन बैठक के बाद प्रशासन ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलों को आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद भागलपुर जिला प्रशासन ने भी तैयारी तेज कर दी है।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि प्रशासन की टीम 24 घंटे सक्रिय है और हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से मिलने वाली किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके लिए तेल और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय और बैठकें की जा रही हैं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने भी स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाह फैलाने की जरूरत नहीं है।
एसएसपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या गलत जानकारी प्रसारित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
