बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल के आदित्य प्रकाश अमन ने साइंस संकाय में प्रथम स्थान हासिल कर पूरे राज्य में टॉप किया है। इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
अनुमंडल के मुख्तियारपुर सलखनन्नी निवासी आदित्य, शिक्षक हरेंद्र कुमार और रिंकू कुमारी के पुत्र हैं। साधारण परिवार से आने वाले आदित्य ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से यह बड़ी सफलता हासिल की है। संस्कृत भाषा में विशेष रुचि रखने वाले आदित्य का सपना डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है।
जैसे ही आदित्य के टॉपर बनने की खबर इलाके में फैली, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई देने लगे। हर कोई उनकी इस उपलब्धि की सराहना कर रहा है और इसे जिले ही नहीं, बल्कि राज्य और देश के लिए गर्व की बात बता रहा है।
आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता राधा रानी, माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पहली से पांचवीं तक रामचन्द्रपुर के सरकारी विद्यालय में अपनी मौसी के घर रहकर पूरी की। इसके बाद वर्ष 2019 में सिमरतल्ला आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा पास कर वहां दाखिला लिया। दसवीं कक्षा में भी उन्होंने 476 अंक लाकर शानदार प्रदर्शन किया था।
वर्तमान में आदित्य अपनी मां के साथ दलसिंहसराय के माल गोदाम रोड स्थित किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनकी बहन भी सिमरतल्ला आवासीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रही है।
मां रिंकू देवी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। वहीं पिता हरेंद्र कुमार ने बताया कि आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद आदित्य ने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करता रहा।
स्कूल के प्रधानाचार्य नीरज कुमार और शिक्षकों ने भी आदित्य को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए एक प्रेरणा बनकर सामने आई है।
समस्तीपुर से ज्योति कुमार सिंह की रिपोर्ट।
