सुल्तानगंज स्थित Adani Group के मेरीन ड्राइव प्रोजेक्ट ऑफिस में आज जीवन जागृति सोसाइटी की ओर से फर्स्ट एड एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में करीब 25 कर्मचारियों को आपात स्थिति में जीवन बचाने की महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन यानी सीपीआर की विस्तृत ट्रेनिंग दी। उन्होंने बताया कि सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है। उनके अनुसार लगभग 50 प्रतिशत ऐसे मामलों में, जहां व्यक्ति की सांस और धड़कन बंद हो चुकी होती है, समय रहते सीपीआर देने से उसे दोबारा जीवित किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को व्यावहारिक तरीके से सिखाया गया कि दोनों हथेलियों को इंटरलॉक कर छाती के बीचों-बीच एक निश्चित गति से दबाव देना होता है और साथ ही मुंह से सांस देकर जीवन रक्षक प्रक्रिया को जारी रखना होता है।
इस मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर के के शर्मा ने कहा कि उनका कार्य गंगा किनारे चल रहा है, जहां कई बार आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। ऐसे में कर्मचारियों को फर्स्ट एड और सीपीआर का ज्ञान होना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते किसी की जान बचाई जा सके।
प्रशिक्षण में रक्तस्राव रोकने, गर्दन को सुरक्षित रखने, तथा स्थानीय संसाधनों जैसे बांस और चादर की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर बनाने की विधि भी सिखाई गई। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों से सीखी गई तकनीकों का अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें दक्षता विकसित हो सके।
इस कार्यक्रम के संयोजक सचिव सोमेश यादव रहे, जबकि दिलीप बिल्डिकॉन लिमिटेड की ओर से अनुज राय ने समन्वय की भूमिका निभाई। वहीं सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष संबित कुमार, मृत्यंजय और अखिलेश भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
