बिहार के कटिहार  जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद भारी बवाल देखने को मिला है। फलका थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना दिया है। मृतक की पहचान गोपालपट्टी निवासी राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल की देर रात पुलिस ने राकेश कुमार यादव को बाइक चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर सामने आई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने राकेश को पहचानने से इनकार कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उसे नहीं छोड़ा।

मृतक के परिवार का कहना है कि थाने के अंदर राकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों को सुबह सूचना दी गई कि उसकी तबीयत खराब है, लेकिन जब वे सदर अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई परितोष यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उनके भाई को टॉर्चर किया और पैसे की मांग भी की गई।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। हालात इतने बिगड़ गए कि यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान भीड़ ने एक पुलिसकर्मी की राइफल भी छीन ली, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

वहीं, पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाने में आत्महत्या का प्रयास किया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना प्रभारी रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *