बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मानपुर थाना क्षेत्र के डम्बर बिगहा गांव का है, जहां केवल 5 हजार रुपये की वसूली के विवाद में 21 वर्षीय सौरभ कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और कोहराम मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, बीती रात सौरभ कुमार को किसी ने मोबाइल कॉल कर घर से बाहर बुलाया। मृतक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि कर्ज की बात कहकर बेटे को बहकाया गया और फिर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। सौरभ अपने दोस्त के साथ बकाया रकम लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन गांव के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद सौरभ वहीं गिर पड़ा। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए, जबकि दोस्त किसी तरह बच निकला।

 

परिजनों ने घायल युवक को तुरंत विम्स पावापुरी अस्पताल पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मानपुर थाना पुलिस और पर डीएसपी सहित कई थानों की टीम अस्पताल पहुंची। उग्र परिजनों को शांत कर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहार शरीफ भेजा और एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्यों की जांच कराई।

 

घटना के पीछे पैसे के बकाया विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है। मृतक की मां ने बताया कि सिर्फ 5 हजार रुपये की वसूली के लिए उनके बेटे को बहकाया गया और साजिशन हत्या की गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

 

मानपुर थाना के अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या के पीछे के संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीण इस घटना से सकते में हैं और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

 

इस तरह की घटनाएं न केवल स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा पैदा कर रही हैं, बल्कि अपराधियों के बढ़ते हौसले को भी उजागर कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *