नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव में विवादित जमीन पर पिलर गाड़ने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को लाठी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मृत्युंजय कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित जमीन को लेकर मामला पहले से ही न्यायालय में लंबित है। आरोप है कि बावजूद इसके गांव के ही कुछ लोग जबरन उक्त जमीन पर पिलर गाड़कर भवन निर्माण की तैयारी कर रहे थे। जब मृत्युंजय कुमार ने इसका विरोध किया और कोर्ट में मामला लंबित होने की बात कही, तो आरोपित भड़क गए।


मृत्युंजय कुमार ने रंगरा थाना में आवेदन देकर गांव के शशिधर सिंह, सुबोध सिंह, बजरंगी सिंह, अशोक सिंह समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में कहा गया है कि विरोध करने पर शशिधर सिंह ने लाठी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।


पीड़ित पक्ष का कहना है कि जमीन विवाद का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद आरोपित निर्माण कार्य करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। इधर, रंगरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *