भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत झोजी मुसहरी गांव में महज ₹1500 के लेन-देन के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान चंदन कुमार, पिता प्रशिक्षण प्रसाद सिंह, निवासी झोजी मुसहरी, असरगंज के रूप में हुई है।

 

परिजनों के अनुसार चंदन कुमार टेंट का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गांव के ही एक व्यक्ति के पास उनका ₹1500 बकाया था। मंगलवार 18 तारीख की शाम करीब 5 बजे जब चंदन अपना पैसा मांगने उसके घर पहुंचे, तभी दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के डंडे से चंदन के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

 

हमले में चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल असरगंज अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

इलाज के दौरान देर रात करीब 12 बजे डॉक्टरों ने चंदन कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एक मामूली रकम के विवाद में हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *