बड़ी खबर बिहार के जहानाबाद से सामने आ रही है, जहां छठ घाट से लौट रहे एक बाइक सवार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
घटना नगर थाना क्षेत्र के पाठक टोली मोड़ के पास की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान शहर के मौर्य नगर मोहल्ला निवासी अनिल प्रसाद के बेटे सन्नी कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सन्नी अपने भाई के साथ ठाकुरबाड़ी स्थित संगम घाट से छठ पूजा कर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 10 से 12 अज्ञात बदमाशों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सन्नी कुमार के सिर, पेट समेत शरीर के तीन हिस्सों पर चाकू से वार किया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की पहचान फोटो के जरिए की गई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
