जोरदाग क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां कोयला ढुलाई के दौरान एक तेज रफ्तार हाईवा गाड़ी ने एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील सोनी के रूप में हुई है, जो चट्टीबरियातु पंचायत का रहने वाला था।

 

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, उसी रास्ते से लगातार कोयला ढुलाई की जाती है। यहां कोई अलग वैकल्पिक मार्ग नहीं है, जिसके कारण आम लोगों को भी उसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। इससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा गाड़ी काफी तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक न तो कंपनी की ओर से कोई ठोस कदम उठाया गया है और न ही प्रशासन ने इस पर ध्यान दिया है।

 

घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी NTPC के अधिकारी और प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। शाम करीब 5:30 बजे पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

 

योगेंद्र साव ने मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की और कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं, शव को सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल के पास बर्फ के बॉक्स की व्यवस्था की गई।

 

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी से मांग की है कि कोयला ढुलाई के लिए अलग मार्ग बनाया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पूरे मामले को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है और सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

 

रिपोर्टर: सुनील कुमार ठाकुर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *