Bhagalpur के Nathnagar थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकाली गई शिव बारात के दौरान एक युवक द्वारा हथियार लहराने का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया है। वायरल हो रहे वीडियो में युवक भीड़ के बीच देसी कट्टा लहराते हुए डीजे की धुन पर डांस करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के मौके पर क्षेत्र में शिव बारात निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा शामिल हुए थे। डीजे की धुन पर लोग नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर ठुमके लगाता दिखाई दिया। आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक भीड़ के बीच खुलेआम हथियार का प्रदर्शन कर रहा है। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि धार्मिक आयोजनों में कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक जुलूस के दौरान इस तरह हथियार लहराना बेहद खतरनाक है और इससे किसी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कदम उठाती है और संबंधित युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करती है या नहीं।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
